Episode Details
Back to Episodes
Auratein Kaam Karti Hain | Shubha
Episode 1193
Published 2 months, 3 weeks ago
Description
औरतें काम करती हैं । शुभा
चित्रकारों, राजनीतिज्ञों, दार्शनिकों की
दुनिया के बाहर
मालिकों की दुनिया के बाहर
पिताओं की दुनिया के बाहर
औरतें बहुत से काम करती हैं
वे बच्चे को बैल जैसा बलिष्ठ
नौजवान बना देती हैं
आटे को रोटी में
कपड़े को पोशाक में
और धागे को कपड़े में बदल देती हैं
वे खंडहरों को
घरों में बदल देती हैं
और घरों को कुएँ में
वे काले चूल्हे मिट्टी से चमका देती हैं
और तमाम चीज़ें सँवार देती हैं
वे बोलती हैं
और कई अंधविश्वासों को जन्म देती हैं
कथाएँ और लोकगीत रचती हैं
बाहर की दुनिया के
आदमी को देखते ही
औरतें ख़ामोश हो जाती हैं।