Episode Details
Back to Episodes
Nani Ki Kahani Mein Devraj Indra | Arunabh Saurabh
Episode 466
Published 2 years ago
Description
नानी की कहानी में देवराज इन्द्र - अरुणाभ सौरभ
कठोरतम तप से
किसी साधक को
मिलने लगेगी सिद्धि
तो आपका स्वर्ग सिंहासन
डोल जाएगा देवराज
बचपन में आपसे
नानी की कहानियों में
मिलता रहा हूँ
जवान हुआ तो समझा
कि सबसे सुंदरतम दुनिया की अप्सराएँ
सबसे मादक पेय
और अमरत्व
आपके अधीन
जहाँ प्रवेश अत्यंत कठिन है
मरणोपरांत
पर हरेक हंदय में
स्वर्ग की चाहना- कामना - इच्छा अपार
तिसपर एकक्षत्र राज प्रभो!
नानी को गए बरसों बीत गए
पता नहीं उस स्वर्ग में
बुढ़िया को जगह थोड़ी
मिली कि नहीं
जिसकी हर कहानी में
कमजोर, लाचार और मोहग्रस्त पाया आपको
कि जिसके पास
सबसे विशाल
सुंदरतम दुनिया
कठोरतम अस्त्र हो
वह महानतम कायर होता है
इस एकमात्र बड़ी सीख के लिए
आपको सदैव प्रणाम
इन्द्रदेव!